मीरजापुर, 26 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सर्राफा दुकान से आभूषण चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कटरा कोतवाली क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सोमवार को बताया कि चुनियहवा इनारा, डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा ने 23 अगस्त को दुकान से रात में आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सूचना के साथ भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपितों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार निवासी गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार, राजकुमार खरवार, चैम्पियन कुमार, बीरेन्द्र कुमार, विकास कुमार और आनन्द कुमार खरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से सफेद और पीली धातु के आभूषणों के साथ पेचकस, प्लास, रंभा, हथौड़ा और छेनी भी बरामद की है।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास ठहरते थे। दिन में शहद या खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की निगरानी करते थे। इसके बाद रात में दुकानों और घरों में घुसकर गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण बेचने से मिलने वाली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पूछताछ में आरोपितों ने मीरजापुर के अलावा सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत कई जिलों में इसी तरीके से वारदात करने की जानकारी दी है।














