जोधपुर, 26 अक्टूबर।
राजस्थान के फलोदी जिले में भोजासर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में चार साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित सुभाष विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपित चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाने में एनडीपीएस अधिनियम, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक फलोदी आदित्य काकड़े के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, वृत्ताधिकारी भवानी सिंह और भोजासर थानाधिकारी जमील खान की देखरेख में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की।
एएसआई गोरधनराम और उनकी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भगवाननगर, भीयासर निवासी सुभाष विश्नोई को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए राशमी थाना पुलिस को सौंप दिया गया।














