रायगढ़, 18 मार्च।
छत्तीसगढ़ के टेनिस बॉल क्रिकेट प्रेमियों के लिए एमएसपी कार्डिनल कप सीजन 9 19 मार्च से रायगढ़ स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है, जो देश के कोने-कोने से आने वाले खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और किस्मत आजमाने का प्रमुख मंच साबित होगा।
कार्डिनल कप आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता में बताया कि टूर्नामेंट नॉक आउट सिस्टम पर आधारित होगा, जिसमें कुल 32 मैच होंगे। हर दिन चार मैच खेले जाएंगे और प्रत्येक मैच 8-8 ओवर का होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मैच 12 ओवर के होंगे। उद्घाटन मैच प्रशासन 11 बनाम पत्रकार 11 के बीच खेला जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस बार मैदान की सजावट, पिच की गुणवत्ता और प्रकाश व्यवस्था पिछले आठ सीजनों से बेहतर होगी।
इस सीजन में कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका चयन सख्त मापदंडों के आधार पर किया गया है। टूर्नामेंट की विशेषता यह है कि इसमें सिर्फ किसी एक क्षेत्र के खिलाड़ी नहीं बल्कि भारत के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी आ रहे हैं। मुंबई के टेनिस क्रिकेट स्टार्स, उत्तर भारत के बल्लेबाज और मध्य भारत के गेंदबाज इस मंच पर अपनी क्षमता दिखाएंगे।
इनामी राशि में इस बार भारी बढ़ोतरी की गई है। प्रथम पुरस्कार विजेता टीम को दो लाख रुपये और भव्य ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि द्वितीय स्थान वाली टीम को एक लाख रुपये से सम्मानित किया जाएगा। हर मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’, सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम और टूर्नामेंट अंत में ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के लिए विशेष उपहार और नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं।
आयोजन समिति ने दर्शकों के लिए भी विशेष आकर्षण तैयार किया है। बाउंड्री लाइन के बाहर दर्शकों के लिए ‘कैच पकड़ो, इनाम जीतो’ जैसे प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक मैच और फाइनल के दौरान भाग्यशाली दर्शकों को गैजेट्स, खेल किट और अन्य सरप्राइज उपहार प्रदान किए जाएंगे।
एमएसपी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर बीके सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य टेनिस बॉल क्रिकेट को लेदर बॉल क्रिकेट के समान सम्मान दिलाना है। आयोजन समिति के सदस्य अजय पटेल, प्रदीप प्रधान, विशाल चंद्रा, यश पटेल, मयूर मोटवानी, प्रदीप बाखला, राजेन्द्र पटेल, किशन साहू, अमित दीक्षित, अभिलाष पंडा, संजू साव, महेश, दिनेश मालाकार, मनोज साहा, अमित जाना और आशीष डनसेना ने दो महीने तक इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मेहनत की है।












