काठमांडू, 30 मार्च 2026।
नेपाल सरकार ने सुशासन सुधार से जुड़े 100 कार्यसूचियों की निगरानी के लिए नई वेबसाइट ‘प्रतिपक्ष डॉटकम’ लॉन्च की है। इसका उद्देश्य सरकार द्वारा लागू किए गए सुशासन सुधार कार्यक्रमों की पारदर्शी और प्रत्यक्ष निगरानी करना है।
प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में शुक्रवार को स्वीकृत और शनिवार को सार्वजनिक की गई 100 बिंदुओं वाली ‘सुशासन सुधार कार्यसूची’ की निगरानी के लिए यह प्लेटफॉर्म तैयार किया गया। वेबसाइट पर सरकार की 100 बिंदुओं वाली प्रतिबद्धताओं को आधार बनाकर उनकी प्रगति के अनुसार वर्गीकृत किया गया है।
इस पर यह जानकारी उपलब्ध है कि कुल कितनी प्रतिबद्धताएं पूरी हुई हैं, किन पर काम चल रहा है, कितनी अधूरी हैं और किन पर अभी तक शुरुआत नहीं हुई। साथ ही यह भी बताया गया है कि प्रत्येक बिंदु को पूरा करने की लक्ष्य तिथि क्या थी और वर्तमान में उसकी स्थिति क्या है।
वेबसाइट में हर बिंदु को पूरा करने के लिए कितने दिन शेष हैं, इसकी सूची भी शामिल है। इसे सभी उपयोगकर्ताओं के लिए नेपाली और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है, ताकि जनता और विशेषज्ञ दोनों इस पर नजर रख सकें।












