उत्तराखंड
11 May, 2026

नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन तेज, वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े अभ्यर्थी

वर्षवार नियुक्ति और भर्ती नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन तेज हो गया है, जिसमें अभ्यर्थियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया।

देहरादून, 11 मई।

शहर के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंच की ओर से चल रहा 22 दिन का आमरण अनशन और 158 दिनों से जारी धरना सोमवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया, जब चार अभ्यर्थी सर्वे चौक के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।

इस आंदोलन को समर्थन देते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी टंकी पर चढ़ गईं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

एक ओर जहां आक्रोशित आंदोलनकारी पानी की टंकी पर चढ़कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नर्सिंग एकता मंच से जुड़े अन्य सदस्य टंकी के नीचे धरने पर बैठे हुए हैं और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से लगातार धरना और आमरण अनशन के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

आंदोलन के दौरान कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने की भी बात सामने आई है। मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं होती, तब तक टंकी पर चढ़े साथी नीचे नहीं उतरेंगे। जानकारी के अनुसार, अब तक 12 आंदोलनकारी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं, जबकि 5 अभ्यर्थियों को आईसीयू में भी उपचार मिल चुका है।

नर्सिंग एकता मंच की प्रमुख मांग है कि भर्ती नियमावली को वर्षवार आधार पर स्थायी रूप से लागू किया जाए, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। इसके साथ ही आईपीएचएस मानकों के अनुसार पूर्व की तरह 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती प्रक्रिया पुनः शुरू करने की भी मांग की जा रही है।

पानी की टंकी पर चढ़ने वालों में नर्सिंग अभ्यर्थी कविता, विनोद, आनंद और धर्मेंद्र के साथ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी शामिल हैं। उनका कहना है कि वे आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में इस कठोर कदम को उठाने के लिए मजबूर हुई हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़