भुवनेश्वर, 14 मई।
ओडिशा विजिलेंस विभाग ने गुरुवार को भद्रक सीएडी डिवीजन में कार्यरत जूनियर इंजीनियर विजय कुमार मोहंती से जुड़े विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। यह कदम उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के आधार पर उठाया गया है।
विजिलेंस विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह तलाशी अभियान विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), बालेश्वर द्वारा जारी सर्च वारंट के तहत संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में चार डीएसपी, चार इंस्पेक्टर तथा अन्य सहायक स्टाफ को शामिल किया गया है।
छापेमारी के दौरान अधिकारी मोहंती से जुड़े चार अलग-अलग ठिकानों की जांच कर रहे हैं। इनमें भद्रक शहर के समराइपुर क्षेत्र में स्थित उनका तीन मंजिला आवास, बालेश्वर जिले के बस्ता क्षेत्र अंतर्गत नरसिंघिडिहा में स्थित पैतृक दो मंजिला घर, भद्रक स्थित उनका कार्यालय तथा भुवनेश्वर के मालिपाड़ा में एक रिश्तेदार का आवास शामिल है।
अधिकारियों द्वारा संबंधित दस्तावेजों और संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था।















