नई दिल्ली, 16 मई।
सिक्किम के 51वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सिक्किम की उपलब्धियों और उसकी विशिष्ट पहचान की सराहना की है। उल्लेखनीय है कि सिक्किम 16 मई 1975 को भारत का 22वां राज्य बना था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में सिक्किम को प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता के कारण सतत विकास का आदर्श मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग अपनी सादगी, आत्मीयता और सौहार्द्र के लिए जाने जाते हैं तथा सिक्किम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहे, यही उनकी कामना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किमवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के विकास में राज्य का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की तथा हाल ही में राज्य स्थापना दिवस समारोह में अपनी उपस्थिति को याद करते हुए कहा कि वहां मिली आत्मीयता हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से विकास में निरंतर सहयोग का आश्वासन भी दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिक्किम को कंचनजंगा की प्राकृतिक छटा, जैव विविधता और पूर्ण जैविक खेती के लिए देश की विशिष्ट पहचान बताया। उन्होंने कहा कि राज्य स्वच्छता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से देश की प्रगति में अहम योगदान दे रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्किम को दुनिया का पहला पूर्ण जैविक राज्य बताते हुए कहा कि इसकी उपलब्धियां पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं और इसने पर्वतीय पर्यटन को नई दिशा दी है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रशंसा करते हुए राज्य के विकास और समृद्धि की कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व की भी सराहना की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सिक्किम को शांति और सद्भाव का प्रतीक बताते हुए उसके निरंतर विकास की कामना की, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया।












.jpg)
.jpg)