Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
मध्य प्रदेश
11 Sep, 2026

मोदी के 25 साल पूरे होने पर मध्य प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 71 हजार बूथों तक पहुंचेगी भाजपा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

भोपाल, 11 सितम्बर।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की जानकारी दी। पार्टी के अनुसार, एक महीने में 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों से जुड़े लाभार्थी परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। अभियान के माध्यम से उनकी सेवा यात्रा से लोगों को परिचित कराने और सेवा, सुशासन तथा जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण को गति दी जा रही है।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा आशीर्वाद का दीया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। शाम सात बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा और विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा।

अभियान के दौरान स्कूलों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। दो अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री की योजनाओं और उनके प्रभाव की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

11,404 शक्ति केंद्रों पर सामने आएंगी लाभार्थियों की कहानियां

खण्डेलवाल ने बताया कि प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां सामाजिक माध्यमों पर साझा की जाएंगी। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होंगे। इनमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिलों और गांवों में पदयात्राएं तथा साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनका समापन सामूहिक रूप से विकसित भारत-2047 का संकल्प लेकर किया जाएगा।

25 तरह की सेवा गतिविधियों में श्रमदान

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने का आह्वान किया जाएगा। राज्य सरकार विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ लगाकर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम भी करेगी।

भाजपा के अनुसार गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव से काशी विश्वनाथ तक जलाभिषेक के लिए यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें से 13 यात्राओं के मध्य प्रदेश से होकर गुजरने की योजना है। ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके साथ ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां बताईं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों को गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर तथा अधोसंरचना विकास से जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है और देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए निवेश, रोजगार, सिंचाई, नवकरणीय ऊर्जा, अधोसंरचना और पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लगातार 25 वर्षों तक जनता का समर्थन मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। उनके अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विशाल बत्रा भी मौजूद रहे।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़