जोधपुर, 02 अप्रैल।
कमिश्नरेट जिला पश्चिम में मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गुरूवार को बड़ी कार्रवाई की गई। डीएसटी वेस्ट की टीम ने जीआरपी थाना क्षेत्र में 25 हजार रुपये का इनामी वांटेड अपराधी को गिरफ्तार किया। वह पिछले पांच साल से मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण में रेलवे पुलिस का वांटेड था। गिरफ्तार आरोपी को अब जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत डीएसटी प्रभारी एसआई महेंद्र सिंह को सूचना मिली कि बजरंग नगर जांबा निवासी रामस्वरूप उर्फ रामा मांजू जोधपुर में मौजूद है। इसके बाद डीएसटी वेस्ट के एएसआई गजेेंद्र, हैडकांस्टेबल गंगासिंह, साइबर सेल के हैडकांस्टेबल प्रेम चौधरी, और अन्य कांस्टेबल्स की टीम ने उसे दबोच लिया।
रामस्वरूप पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह वर्ष 2021 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरारी काट रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जारी अभियान को और मजबूती मिली है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।












