नई दिल्ली, 23 मार्च।
शहीद दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारत माता के वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए उनका अद्वितीय बलिदान हमारी सामूहिक स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज हम भारत माता के वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धा के साथ नमन करते हैं। अल्पायु में ही, उन्होंने असाधारण साहस और भारत की स्वतंत्रता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रदर्शन किया। उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ बलिदान का मार्ग चुना और राष्ट्र को अपने प्राणों से भी ऊपर रखा।”
उन्होंने आगे लिखा कि न्याय, देशभक्ति और निर्भीक प्रतिरोध के उनके आदर्श आज भी अनगिनत भारतीयों के हृदय में प्रेरणा की ज्योति प्रज्वलित करते हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि आज भी अमर शहीदों की गाथाएं देश के हर बच्चे की जुबान पर हैं और यह गाथाएं देश के लिए दिन-रात मेहनत करने की प्रेरणा देती हैं।
प्रधानमंत्री ने शास्त्र और अग्नि के उदाहरण के माध्यम से कहा कि जो लोग देश के लिए बलिदान देते हैं, वे अमर हो जाते हैं और प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश आज आजादी के लिए योगदान देने वाले नायकों को नमन कर रहा है। हर साल 23 मार्च को इन तीन असाधारण क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करते हुए शहीद दिवस मनाया जाता है। 23 मार्च को अंग्रेजों की ओर से इन नायकों को फांसी दी गई थी।











