होजाई, 31 मार्च।
असम में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर प्रचार की रफ्तार तेज हो गई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में राष्ट्रीय स्तर के नेता अपनी-अपनी पार्टियों और उम्मीदवारों के पक्ष में जनता के बीच सभाएं, शोभायात्रा और प्रचार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इस सिलसिले में होजाई जिले के मुख्यालय श्रीमंत शंकरदेव नगर में 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला आयुक्त कार्यालय के सामने स्थित खेल मैदान में सुरक्षा कर्मियों की देखरेख में सभा पंडाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा ने इस सभा में लगभग एक लाख लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
वहीं, 1 अप्रैल को 2 नंबर काकी क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार शिवू मिश्रा के समर्थन में राज्य के कैबिनेट मंत्री पियूष हजारिका चुनावी प्रचार करेंगे। सभी तैयारियां और व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि चुनावी अभियान सुचारू रूप से चल सके।











