नई दिल्ली, 01 अप्रैल।
सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने राष्ट्रीय राजधानी में अपने प्रीमियम फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। एक्सपी 100 पेट्रोल की कीमत अब 160 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 149 रुपए थी। यह हाई-ऑक्टेन फ्यूल विशेष रूप से लग्जरी कारों और हाई-परफॉर्मेंस मोटरसाइकिलों में इस्तेमाल किया जाता है और इंजन की क्षमता को बेहतर बनाता है।
इसी तरह, एक्स्ट्रा ग्रीन डीजल (प्रीमियम डीजल) की कीमत भी बढ़ा दी गई है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 92.99 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि पहले यह 91.49 रुपए थी। हालांकि, सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रखी गई हैं। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद, देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
तेल कंपनियों ने सामान्य ऑटो फ्यूल की कीमतों को स्थिर रखा है, जबकि अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपए प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपए प्रति लीटर पर बना हुआ है। मुंबई में पेट्रोल 103.44 रुपए और डीजल 89.97 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
इसके अलावा, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत दोगुने से अधिक बढ़कर 2 लाख रुपए प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गई है। वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिए हैं कि अमेरिकी सेना अगले तीन हफ्तों में ईरान पर हमला रोक सकती है, जिससे तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके प्रमुख लोगों को निशाना बनाया गया, तो वह अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर सकता है। ऐसे वैश्विक परिस्थितियों और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अस्थिरता के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं।












