अन्य राज्य
11 May, 2026

सोमनाथ अमृतपर्व में प्रधानमंत्री मोदी ने किया प्रथम ज्योतिर्लिंग का पूजन, भव्य आयोजन का साक्षी बना सोमनाथ

सोमनाथ अमृतपर्व-2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पूजन कर मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक समारोह में भाग लिया।

गिर सोमनाथ, 11 मई

गुजरात के गिर सोमनाथ स्थित सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ के भव्य समारोह में प्रधानमंत्री तथा सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी प्रभास पाटन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ का विधिवत दर्शन एवं पूजन किया।

समारोह के दौरान मंदिर परिसर शंखध्वनि, डमरू नाद और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। मंदिर परिसर में सोमवार को आयोजित इस आयोजन में श्रद्धा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

प्रधानमंत्री के आगमन पर मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर तक विशेष स्वागत की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं की झलक दिखाई गई। मार्ग में उन्होंने सोमनाथ से जुड़े विषय पर निर्मित रेत कला का भी अवलोकन किया। वहीं लगभग 75 ढोलवादकों की गूंज और तूतारी की ध्वनि के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजी करीब 100 बालिकाओं ने सिर पर अमृत कलश रखकर उनका स्वागत किया।

मंदिर में प्रवेश से पूर्व प्रधानमंत्री ने अखंड भारत के शिल्पी और सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के प्रेरणास्रोत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद ऋषिकुमारों के शंख और डमरू के मंगलनाद के बीच वे गर्भगृह पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने भगवान सोमनाथ की महापूजा कर देश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने मंदिर शिखर पर कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण भी किया। भारतीय वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों द्वारा मंदिर शिखर पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। वहीं वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने आकाश में रोमांचक हवाई प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में लगी सोमनाथ की ऐतिहासिक विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी सहित अनेक संत, महंत, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Image

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़