नई दिल्ली, 12 अप्रैल 2026।
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर स्लो ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, यह कार्रवाई दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान टीम द्वारा निर्धारित ओवर गति से धीमी गेंदबाजी के चलते की गई।
लीग के नियमों के अनुसार चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध टाटा इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें मैच के दौरान सीएसके ने न्यूनतम ओवर गति बनाए रखने में चूक की, जिसके बाद आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह कार्रवाई की गई, क्योंकि यह इस सत्र में टीम का पहला ऐसा मामला था।
उसी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर इस सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें संजू सैमसन ने नाबाद 115 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इसके अलावा आयुष म्हात्रे ने 59 रन का योगदान दिया, जबकि शिवम दुबे ने नाबाद 20 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और बड़ा लक्ष्य खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 189 रन तक ही पहुंच सकी। टीम के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 60 रन, पथुम निसांका ने 41 रन, आशुतोष शर्मा ने 19 रन, केएल राहुल ने 18 रन और डेविड मिलर ने 17 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला जाएगा।











