नई दिल्ली, 18 मार्च।
पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधवार को उन्होंने नई दिल्ली स्थित आयोग कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।
साध्वी निरंजन ज्योति ने पदभार ग्रहण की फोटो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि पिछड़े समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का संकल्प है कि पिछड़े समाज को न्याय, सुरक्षा, सम्मान और विकास के समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ण प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पिछड़ा वर्ग के चतुर्दिक उत्थान के लिए अपने दायित्व का निर्वहन करना आयोग का प्रमुख उद्देश्य होगा।












