बीकानेर, 02 अप्रैल।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2015 बैच के अधिकारी निशांत जैन ने गुरुवार को बीकानेर में जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे जयपुर विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर कार्यरत थे। जैन ने बीकानेर में पदभार संभालने से पहले बाड़मेर और जालौर जिलों में कलेक्टर के अलावा पर्यटन विभाग के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों का जिम्मा संभाला है।
जैन ने पदभार ग्रहण के बाद कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताएं उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार कार्य करते हुए जिले को विकास की राह पर आगे बढ़ाया जाएगा। बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और फ्लैगशिप योजनाओं में गति लाने के साथ ही आमजन तक लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला कलक्टर ने बीकानेर को सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से समृद्ध बताते हुए कहा कि इसे और अधिक सशक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव, उपखण्ड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षु आइएएस स्वाति शर्मा और वरिष्ठ निजी सचिव आशानंद कल्ला मौजूद रहे।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने भी जिला कलक्टर से मुलाकात की। कलक्ट्रेट परिसर के कर्मचारियों ने नए जिला कलक्टर का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।












