भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
भारत की जनगणना-2027 जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही उजागर होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बैठक में गैरहाजिर रहने वाले 32 अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
नगर निगम प्रशासन ने जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए अहम बैठक बुलाई थी, लेकिन इसमें कई अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत नोटिस जारी कर संबंधितों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नोटिस प्राप्त करने वालों में 13 सहायक यंत्री, 16 उपयंत्री, 2 सुपरवाइजर और 1 समयपाल शामिल हैं। सभी को निर्देश दिए गए हैं कि वे सोमवार तक स्वयं उपस्थित होकर अपना जवाब दें। तय समय में जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए भविष्य में सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।
नोटिस प्राप्त करने वालों में सहायक यंत्री आदित्य शर्मा, गौरव प्रजापति, केसी गुप्ता, अजय सोलंकी, शुभम वर्मा, निशांत तिवारी, एसबी सिंह, चंदन पिपलाद, ज्योति मानकेले, पवन मेहरा, अभिषेक मालवीय, अंकुर रायजादा, अमन सिंह और अन्य शामिल हैं। इसके अलावा उपयंत्री, सुपरवाइजर और समयपाल स्तर के कर्मचारी भी कार्रवाई के दायरे में हैं।
इस कार्रवाई के बाद निगम के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है और भविष्य में ऐसी लापरवाही से बचने के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई है।












