कछार (असम), 27 मार्च।
सिलचर में पुलिस और असम राइफल्स के संयुक्त अभियान में एक नाइजीरियाई नागरिक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शरण देने के आरोप में चार अन्य व्यक्तियों को भी पकड़ा गया है।
विशेष जानकारी के आधार पर सिलचर के शिलांग पट्टी क्षेत्र में घूमते हुए संदिग्ध विदेशी नागरिक को रोका गया। उसकी पहचान एमेका एसेडो के रूप में हुई।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत पाल ने कहा कि आरोपी के पास भारत में प्रवेश या निवास के वैध दस्तावेज नहीं थे, इसलिए उसे गिरफ्तार किया गया। संदेह के चलते पुलिस ने मालुग्राम इलाके में किराए के मकान में तलाशी ली, जहां से एक पहचान पत्र और समाप्त वीजा बरामद हुआ। हालांकि पहचान पत्र असली है या नकली, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई, लेकिन उस पर एमेका एसेडो का नाम दर्ज है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह दिल्ली से सिलचर आया था, लेकिन पुलिस को शक है कि वह म्यांमार से मिजोरम के रास्ते भारत में प्रवेश कर सिलचर पहुंचा होगा।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी मालुग्राम इलाके के किराए के मकान में रह रहा था। इस मामले में मिजो महिला मालसावमी डांगी के अलावा मकान मालिक टिंकू हुसैन बरभुइयां और उनकी पत्नी रूमिना बेगम बरभुइयां को भी हिरासत में लिया गया।
अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विदेशी नागरिक सिलचर में गुप्त रूप से रहा या किसी की मदद से आया। उसके यहां आने के मकसद की जांच जारी है।












