नई दिल्ली, 6 जून।
पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सामाजिक मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि फिरोजपुर में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर जिले में हुई इस दुर्घटना की जानकारी से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उपराष्ट्रपति ने मृतकों के स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि फिरोजपुर में हुई दुर्घटना की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के स्वजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
गौरतलब है कि फिरोजपुर में एक ओवरलोडेड पिकअप वाहन और ट्राले की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई थी तथा कई अन्य घायल हुए थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।








