हजारीबाग, 06 जून।
जिले के कटकमदाग थाना अंतर्गत सालगावां रेलवे पुल के नीचे शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देख कर प्राथमिक तौर पर यही अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। रेल पटरी के पास शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन महिला की पहचान करने में कोई भी सफल नहीं हो सका। पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए बारीकी से जांच की। जांच के दौरान महिला के गले में भगवान शिव की एक माला मिली है, जो उसकी पहचान करने में अहम कड़ी साबित हो सकती है।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और थानों में भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि मृतका के परिजनों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अब इस उलझन को सुलझाने में जुटी है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस हर पहलू, जैसे कि आत्महत्या या अन्य दुर्घटना, को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव हो पाएगा।









