बलरामपुर, 06 जून ।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई चौकी बलांगी और थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में की गई है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला 22 अप्रैल 2026 का है, जब मध्य प्रदेश के बैढ़न से बोलेरो वाहन में अवैध शराब लेकर आ रहा चालक तुगवा बॉर्डर बैरियर पर रुकने के इशारे के बावजूद नहीं रुका और उसने बैरियर को टक्कर मारते हुए वाहन को रघुनाथनगर की ओर भगा दिया। बाद में घेराबंदी के दौरान आरोपी वाहन को पेट्रोल पंप के पास कच्चे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।
इस घटना के बाद चौकी बलांगी में अपराध दर्ज किया गया और थाना रघुनाथनगर में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। जांच में साइबर सेल की मदद से फरार चालक की पहचान देवनंदन कुशवाहा के रूप में हुई, जो हरदी बड़ा, थाना रघुनाथनगर का निवासी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मध्य प्रदेश के कचनी शराब भट्टी के मैनेजर मृत्युंजय जायसवाल के माध्यम से करीब 94 हजार रुपये का भुगतान कर अवैध शराब मंगाई थी, जिसे सूरजपुर क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी मृत्युंजय जायसवाल को भी गिरफ्तार कर लिया, जो झारखंड के साहिबगंज का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।








