अपराध
06 Jun, 2026

घर में घुसकर महिला की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी

सुपौल के छातापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में रात के समय घर में घुसकर एक महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुपौल, 06 जून ।

छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड 12 स्थित हरिहरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घर में घुसकर एक महिला की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान 30 वर्षीय शहानी प्रवीण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर प्रदेश में रहता है और वह अपने बच्चों के साथ घर में रह रही थी। घटना के समय वह भोजन के बाद बच्चों के साथ सो रही थी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति घर में घुस आया और महिला पर चाकू से हमला कर दिया। मृतका के 10 वर्षीय पुत्र ने बताया कि रात में शौच के लिए उठने के बाद जब वे लौटे तो उन्होंने एक व्यक्ति को घर में देखा, जिसके बाद मां भागने लगी, लेकिन हमलावर ने गले पर वार कर दिया।

बच्चे के अनुसार, उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, उच्च पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक रिश्ते में मृतका के भैंसुर का साला बताया जा रहा है, जो पास ही रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पैसों के लेनदेन और कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हत्या हुई।

परिवार के एक सदस्य ने बताया कि दिन में कुछ महिलाओं के बीच भी विवाद हुआ था, जिसमें मोबाइल पर ऑडियो या वीडियो भेजे जाने को लेकर बहस हुई थी, हालांकि बाद में मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन रात में यह दर्दनाक घटना हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

|
आज का राशिफल

कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कर भला तो हो भला वाली कहावत याद रखें। किसी को हानी पंहुचाने की चेष्टा न करें अन्यथा हानि संभव है। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। इच्छित कार्य सफल होंगे। शुभांक-5-6-8

आज का मौसम

भोपाल

27° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़