सतना, 06 जून ।
सतना जिले के नागौद जनपद पंचायत अंतर्गत रहिकवारा ग्राम पंचायत में संबल योजना के तहत बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें जीवित व्यक्तियों को रिकॉर्ड में मृत दर्शाकर सरकारी सहायता राशि हड़पने का आरोप लगा है।
यह मामला कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत के बाद उजागर हुआ, जिसमें आरोप था कि सज्जन चौधरी और गनपत कुशवाहा को जीवित होने के बावजूद मृत दिखाकर अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि निकाल ली गई। वहीं, मृतक रामचरण चौधरी की सहायता राशि उसके परिजनों के बजाय अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
कलेक्टर के निर्देश पर कराई गई जांच में तीन सदस्यीय समिति ने शिकायत की पुष्टि करते हुए पाया कि तीन जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर और तीन वास्तविक मृतकों की सहायता राशि गलत खातों में भेजकर वित्तीय अनियमितता की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे फर्जीवाड़े में तत्कालीन रोजगार सहायक एवं प्रभारी सचिव बृजकिशोर कुशवाहा द्वारा कूटरचित मृत्यु प्रमाण पत्र, बैंक दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड का उपयोग कर प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।
रिपोर्ट के आधार पर खंड पंचायत अधिकारी द्वारा थाना नागौद में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








