भोपाल, 06 जून ।
राजधानी में रायसेन मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पिपलानी चमारन क्षेत्र स्थित लेबर कॉलोनी झुग्गी बस्ती एवं ग्लोबल स्किल पार्क के सामने से 70 दुकानें तथा 42 झुग्गियां हटाई गईं।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई उन अवैध कब्जों को हटाने के लिए की गई, जो लंबे समय से सड़क निर्माण हेतु आरक्षित भूमि पर किए गए थे और जिसके कारण सड़क चौड़ीकरण की योजना प्रभावित हो रही थी। यह अभियान सुबह शुरू होकर दोपहर तक लगातार जारी रहा।
करीब 210 मीटर लंबे क्षेत्र में फैली इस कार्रवाई के तहत लगभग 4 हजार वर्गमीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस स्थान पर आगे चलकर फोरलेन सड़क एवं पुल निर्माण की योजना प्रस्तावित है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम मौजूद रही, जबकि स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई।









