भुवनेश्वर, 08 जून।
ओडिशा में स्कूली शिक्षा प्रणाली को नई दिशा देने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बड़े बदलाव लागू किए हैं। ओडिशा स्कूल एजुकेशन प्रोग्राम अथॉरिटी (ओएसईपीए) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्री-स्कूल से कक्षा आठवीं तक के विद्यालयों हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश और नई समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत राज्य में अब 'ओडिशा करिकुलम फ्रेमवर्क 2025' के अनुसार संशोधित पाठ्यक्रम और नई किताबें पढ़ाई जाएंगी।
इस नई व्यवस्था का सबसे आकर्षक हिस्सा 10 'बैगलेस डे' का प्रावधान है। इन दिनों छात्र बिना बैग के स्कूल आएंगे और अनुभवात्मक व कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। विभाग द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष में कुल 230 कार्यदिवस होंगे, जिनमें 190 दिन नियमित पढ़ाई के लिए, 20 दिन मूल्यांकन के लिए और 20 दिन वार्षिक उत्सव व खेलकूद जैसी गतिविधियों के लिए आरक्षित रहेंगे।
समय-सारिणी में बदलाव करते हुए अब हर कार्यदिवस में 7 पीरियड होंगे, जिससे सप्ताह में कुल 42 पीरियड संचालित होंगे। छात्रों पर बोझ कम करने और व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने के लिए 80 से 90 मिनट के दो संयुक्त पीरियड रखे गए हैं, जिनमें विज्ञान प्रयोग, परियोजना कार्य और रोल-प्ले जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके साथ ही, कक्षा 6 से 8 तक के व्यावसायिक शिक्षा के लिए आवंटित समय में से एक पीरियड बैगलेस डे गतिविधियों के लिए आरक्षित किया गया है, जिन्हें शनिवार को प्राथमिकता के साथ आयोजित किया जाएगा।
विद्यालयों के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेंगे, जबकि शनिवार को कक्षाएं सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस नई समय-सारिणी को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।














