नई दिल्ली, 09 जून।
जनजातीय समाज के महानायक और 'धरती आबा' के नाम से पूजनीय भगवान बिरसा मुंडा को आज उनके शहादत दिवस पर पूरा देश नमन कर रहा है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम शीर्ष नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें न्याय और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके संघर्ष को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का गौरवपूर्ण अध्याय करार दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने याद दिलाया कि कैसे बिरसा मुंडा ने 'उलगुलान' आंदोलन के जरिए ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी उनके बलिदान को नमन करते हुए उनके जीवन को राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।
विपक्ष के नेताओं ने भी बिरसा मुंडा को याद किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें आदिवासी अस्मिता का महानायक कहा। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके संघर्षों को याद करते हुए उन्हें सादर नमन किया।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प को याद किया। अरविंद केजरीवाल ने भी 'धरती आबा' के योगदान को देश के लिए प्रेरणा बताया। मात्र 25 वर्ष की आयु में रांची जेल में शहीद हुए बिरसा मुंडा का त्याग युगों-युगों तक याद रखा जाएगा।














