नई दिल्ली, 17 जून।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से वर्तमान में मिश्रित संकेत देखने को मिल रहे हैं। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार उतार-चढ़ाव के बाद मिले-जुले रुख पर बंद हुए थे। हालांकि, आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में तेजी का रुख दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर, यूरोपीय बाजार में बीते सत्र के दौरान लगातार खरीदारी का माहौल बना रहा। इसके उलट, एशियाई बाजार में आज के कारोबार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है।
अमेरिकी शेयर बाजार में पिछले सत्र के दौरान टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के कारण दबाव देखा गया। इसी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांकों में मिला-जुला असर रहा। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 328.64 अंक यानी 0.64 फीसदी की मजबूती के साथ 51,999.67 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा। इसके विपरीत, एस एंड पी 500 इंडेक्स में 0.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 7,511.35 अंक के स्तर पर आ गया। वहीं, नैस्डेक 307.60 अंक यानी 1.15 प्रतिशत लुढ़ककर 26,376.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.11 फीसदी की बढ़त के साथ 52,055.84 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिख रहा है।
यूरोप के बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में तेजी का रुख बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.61 प्रतिशत चढ़कर 10,494.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स ने भी 0.75 प्रतिशत की उछाल के साथ 8,447.27 अंक के स्तर पर अपने कारोबार को समाप्त किया। इसके साथ ही डीएएक्स इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर 24,910.41 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।
एशिया के प्रमुख बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। यहां के नौ प्रमुख बाजारों में से पांच सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में हैं, तो वहीं चार सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान पर टिके हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.20 प्रतिशत की तेजी लेकर 24,074 अंक के स्तर पर ट्रेंड कर रहा है। कोस्पी इंडेक्स भी 0.69 प्रतिशत की छलांग लगाकर 8,786.97 अंक के स्तर पर पहुंच चुका है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स में आज सबसे शानदार तेजी देखी जा रही है और यह 1.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,183.75 अंक के स्तर पर बना हुआ है। इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 519.50 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 69,924 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
मुनाफावसूली के दबाव में हैंग सेंग इंडेक्स 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,414 अंक के स्तर पर देखा गया। सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,582.39 अंक के स्तर पर आ गया है। ताइवान वेटेड इंडेक्स में अब तक के कारोबार में 356.69 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह 45,452.50 अंक के स्तर पर खिसक गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स भी 0.18 प्रतिशत टूटकर 6,243.41 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,084.54 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।










