पेरिस, 19 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि एक दौर था जब देशों के बीच संबंध सिर्फ व्यापार से तय होते थे, लेकिन आज के समय में व्यापार के साथ-साथ आपसी विश्वास भी बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। आज दुनिया का हर देश एक सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला और स्थिर साझेदारी की तलाश में है, जिस पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत उन सभी क्षेत्रों में निवेश कर रहा है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, नवाचार और नए अवसरों को बढ़ावा देंगे। उन्होंने इसे भारत की विकास यात्रा का एक निर्णायक काल बताया, जहां देशवासियों की आकांक्षाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। एवियन में आयोजित जी7 बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक शासन तभी प्रभावी हो सकता है जब वह समावेशी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक विकास तभी टिकाऊ होगा जब वह सामूहिक होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान में विश्व अनिश्चितता और उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में भारत और फ्रांस की दोस्ती विश्वास, स्थिरता और सहयोग का एक मजबूत स्तंभ बनकर उभरी है। दोनों देशों ने अपने संबंधों को एक विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर पहुंचाया है। उन्होंने घोषणा की कि दोनों देश मिलकर अगले साल 'तृष्णा' (TRISHNA) सैटेलाइट लॉन्च करने जा रहे हैं, जो दुनिया में जल और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम योगदान देगा।
अपनी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर फ्रांस पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते सालों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। यह यात्रा केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सशक्त बनाना और उनके जीवन को बदलना है। कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने 'बोनजोर मोदी' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ प्रधानमंत्री का बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।










