उरई, 13 जून।
जालौन कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 जून को जालौन कोतवाली में संकल्प सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के तहत ग्राम लौना संपर्क मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम का सामना आरोपी छोटेलाल से हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस दल पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। नियंत्रित फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की बाइक, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार की जाएगी।














