दुर्गापुर (पश्चिम बर्दवान), 15 जून।
राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश के माहौल को गति देने के उद्देश्य से रविवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर में एक महत्वपूर्ण प्री-बजट परामर्श बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता और अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) प्रभाकर कुमार मिश्रा ने सात जिलों के उद्योगपतियों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया।
बैठक में आसनसोल, दुर्गापुर, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम सहित सात जिलों के उद्यमी शामिल हुए। नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को सरल बनाने और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पिछली सरकार पर औद्योगिक छवि खराब करने और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बुनियादी ढांचे की कमी को निवेश में सबसे बड़ी बाधा बताया। उन्होंने जर्जर सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के अभाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसी कारण युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वर्तमान सरकार भूमि संबंधी समस्याओं को सुलझाने और नए निवेश को आकर्षित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। बैठक में आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र की बंद पड़ी फैक्ट्रियों को पुनर्जीवित करने और दुर्गापुर बैराज के विकल्प के रूप में नए बैराज के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया।














