इंदौर, 16 जून।
रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज मंगलवार को इंदौर में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी)एवं डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस प्रोडक्शन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम "रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर" विषय पर केंद्रित है। इस कार्यशाला का मुख्य लक्ष्य रक्षा उत्पादों के विनिर्माण में बड़े उद्योगों के साथ-साथ एमएसएमई, स्टार्टअप्स और शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इंदौर के अतुल्य आईटी पार्क स्थित एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित इस संवाद सत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी रक्षा विनिर्माण से जुड़े उद्यमियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इस मंच का उद्देश्य उन उद्योगों को चिन्हित करना है जो वर्तमान में रक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं या जिनके उत्पादों का उपयोग रक्षा संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु किया जा सकता है।
कार्यशाला में पारंपरिक विनिर्माण के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह पहल रक्षा उत्पादन विभाग के साथ सीधा समन्वय स्थापित करने का एक उत्कृष्ट माध्यम होगी, जिससे मध्य प्रदेश में विनिर्माण के नवीन अवसर सृजित होंगे। इससे राज्य में निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। इच्छुक उद्यमी, स्टार्टअप और संस्थान 'इन्वेस्ट MP' पोर्टल अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।














