राजनीति
17 Jun, 2026

राष्ट्रपति मुर्मु आज बैतूल में जनजातीय सशक्तिकरण महासम्मेलन में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को बैतूल में आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ महासम्मेलन में शामिल होंगी, जहां वे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगी।

बैतूल, 17 जून।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार, 18 जून को बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और विधायक हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति का सुबह 10:50 बजे मिलानपुर टोल नाका हेलीपैड पर आगमन होगा। स्वागत के बाद वे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर पौधरोपण करेंगी। इसके उपरांत ब्रह्माकुमारी संस्था के वरिष्ठ सदस्यों के साथ फोटो सत्र तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी।

मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ होगी। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। मंच पर राष्ट्रपति का शॉल, स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर अभिनंदन किया जाएगा। स्वागत उद्बोधन के पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

महासम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रपति द्वारा कलश और ध्वज पूजन के साथ किया जाएगा। इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्था की जोनल संचालक राजयोगिनी बीके शैलजा दीदी, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और राज्यपाल मंगुभाई पटेल अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संबोधन भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर में मिलानपुर हेलीपैड के लिए रवाना होंगी और वहां से ओंकारेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, मंच प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए विशेष यातायात और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं तथा प्रतिभागियों को तय पार्किंग और प्रवेश द्वारों का उपयोग करने की सलाह दी है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 18 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैतूल नगर सीमा में भारी और मध्यम वाहनों, ट्रैक्टर तथा ट्रॉलियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं सुबह 9 बजे से 10:15 बजे तक राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और खाली रखा जाएगा।

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों और वैकल्पिक मार्गों का पालन करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग करें।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़