रांची, 18 जून।
झारखंड से राज्यसभा चुनाव की दो सीटों के लिए गुरुवार सुबह नौ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान झारखंड विधानसभा के कक्ष संख्या-142 में कराया जा रहा है, जहां विधायक निर्धारित नियमों के अनुसार पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव परिणाम देर रात तक सामने आने की संभावना जताई जा रही है। मतदान की पूरी प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न कराई जा रही है।
दो सीटों के इस चुनाव में राजनीतिक दलों की विशेष नजर दूसरी सीट के मुकाबले पर बनी हुई है। मतदान आरंभ होने के साथ ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। इंडी महागठबंधन और एनडीए दोनों पक्षों ने जीत को लेकर भरोसा जताया है।
महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी भी चुनावी मुकाबले में हैं।
मतदान के दौरान एनडीए ने अपने सभी 24 विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचकर एकजुटता का संदेश दिया। गठबंधन नेताओं ने दावा किया कि उनके सभी विधायक साथ हैं और उन्हें जीत का पूरा विश्वास है।
निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी मतदान के दौरान विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त है और विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन भी मिल रहा है।
उधर, झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री चमरा लिंडा ने विधानसभा पहुंचकर महागठबंधन के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। महागठबंधन के विधायक भी बसों और निजी वाहनों से विधानसभा पहुंचे और संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन किया।
मतदान से पहले दोनों खेमों के नेताओं ने अपनी-अपनी जीत को लेकर विश्वास जताया। महागठबंधन का कहना है कि उसके पास दोनों सीटों पर सफलता हासिल करने के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद है। वहीं, एनडीए नेताओं ने भी अपने पक्ष में परिणाम आने का भरोसा व्यक्त किया है।
अब राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें शाम पांच बजे शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर किसके उम्मीदवार जीत हासिल करते हैं।














