अपराध
18 Jun, 2026

दुर्गा प्रतिमा खंडित मिलने पर भड़के ग्रामीण, सड़क पर लगाया जाम

जौनपुर के शिवपुर गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में प्रतिमा खंडित मिलने के बाद ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और नई प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जौनपुर, 18 जून।

जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र स्थित शिवपुर गांव में प्राचीन दुर्गा मंदिर की प्रतिमा खंडित मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जफराबाद-बेलाव मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव का यह मंदिर करीब 200 वर्ष पुराना है और क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव निवासी हरिओम पाठक ने मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को सुरक्षित देखा था। इसके लगभग दो घंटे बाद दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु ने प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा।

ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को मंदिर से हटाकर गोमती नदी के किनारे फेंक दिया था। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके साथ जलालपुर और गौराबादशाहपुर थानों की पुलिस टीम भी मौजूद रही।

ग्रामीणों ने नई दुर्गा प्रतिमा स्थापित कराने और घटना में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के सहयोग से नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी बात कही। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और जाम खोल दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़