मध्य प्रदेश
18 Jun, 2026

शारदा कन्या विद्यालय में छात्राओं से रूबरू हुए मुख्यमंत्री

इंदौर में स्कूल चले हम अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय शारदा कन्या विद्यालय का दौरा कर खगोलीय प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद किया।

इंदौर, 18 जून।

स्कूल चले हम अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर के बड़ा गणपति क्षेत्र स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित आधुनिक खगोलीय प्रयोगशाला का अवलोकन किया और छात्राओं से विज्ञान तथा अंतरिक्ष से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने प्रयोगशाला में मौजूद खगोलीय उपकरणों, दूरबीनों, वेधशाला प्रणाली और विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल्स की जानकारी छात्राओं से प्राप्त की। उन्होंने अंतरिक्ष विषयक अवधारणाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने वाली स्पार्क एस्ट्रोनॉमी लैब की सराहना की। प्रयोगशाला में प्रदर्शित रॉकेट, उपग्रह, सौर मंडल, ग्रह-नक्षत्र और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े मॉडल्स ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री को विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और मॉडलों की कार्यप्रणाली समझाई। प्रयोगशाला में चंद्र ग्रहण, सूर्य ग्रहण, जल चक्र, ज्वालामुखी, पृथ्वी की आंतरिक संरचना और गुरुत्वाकर्षण जैसे विषयों को दर्शाने वाले मॉडल भी प्रदर्शित किए गए थे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन और मानव शरीर की संरचना से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई थी।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय की स्मार्ट कक्षाओं का भी अवलोकन किया और छात्राओं से उनके भविष्य के सपनों, रुचियों तथा लक्ष्यों पर संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने करियर और जीवन के उद्देश्यों के बारे में जानकारी साझा की।

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय विद्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेटियों को शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी संसाधनों का विस्तार नई शिक्षा नीति की भावना को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और जिज्ञासु दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बढ़ती संभावनाओं के बीच युवाओं को ज्ञान और कौशल दोनों में निरंतर वृद्धि करनी चाहिए।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा को अधिक आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थियों के अनुकूल बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़