अपराध
18 Jun, 2026

महरोई मोड़ पर ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौत

उमरिया जिले के महरोई मोड़ पर बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।

उमरिया, 18 जून।

उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र स्थित अमरपुर चौकी के अंतर्गत महरोई मोड़ पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार महरोई मोड़ के पास एक बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय कोल (30) निवासी बरकुला थाना बदेरा और करण (25) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई बताए गए हैं। दुर्घटना में घायल अमन (24) निवासी बिहरा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरही रेफर किया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना परिवारजनों को दे दी गई है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बिजली लाइन की सफाई के दौरान काटी गई पेड़ों की शाखाएं सड़क किनारे छोड़ दी गई थीं, जिससे मार्ग पर अवरोध उत्पन्न हो गया था। ग्रामीणों का कहना है कि इसी वजह से बाइक सवार संतुलन खो बैठे और दुर्घटना का शिकार हो गए।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़