रायपुर, 18 जून।
रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के कब्जे से 15.431 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने कुछ संदिग्ध लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक बैग से खाकी टेप में पैक किया गया अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.431 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में पुलिस के सामने कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। आरोपित दंपति ने बताया कि उनके साथ मौजूद नाबालिग बालिका परिवार की सदस्य नहीं है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि बालिका को साथ रखने का उद्देश्य चेकिंग के दौरान संदेह से बचना और सहानुभूति प्राप्त करना था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हंस राज सिंह और सोनिया गुज्जर उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि दंपति को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हरियाणा और जबलपुर कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस उपायुक्त संदीप कुमार पटेल ने कहा कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
















