शिमला, 18 जून।
शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के खिलाफ मंडी जिले के करसोग स्थित न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट मिलने के बाद रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक मामला दो लाख रुपये के चेक के अनादरण से संबंधित है। शिकायतकर्ता जिया लाल की ओर से दर्ज कराए गए प्रकरण में करसोग स्थित एल.डी. जेएमएफसी न्यायालय ने नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत आरोपी महिला के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना रामपुर की टीम ने वारंट की तामील के लिए कार्रवाई की। इसी क्रम में 17 जून को आरोपी नीता देवी पत्नी सीता राम, निवासी गांव डँसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद महिला को नियमानुसार संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई अब अदालत के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि जिला शिमला में न्यायालयों से जारी वारंटों और अन्य आदेशों की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वांछित आरोपी और फरार व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई लगातार जारी है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
















