जोधपुर, 18 जून।
जोधपुर के महामंदिर थाना क्षेत्र में वाहन टकराने की मामूली घटना ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गाड़ी की टक्कर से नाराज पड़ोसी और उसके साथियों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ मारपीट की गई। घायल दंपती का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार खेतानाड़ी शाह क्षेत्र निवासी कलाम ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि 17 जून की रात उनके पिता राशिद मोहम्मद घरेलू गैस सिलेंडर लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर वाहन खड़ा करते समय उनकी गाड़ी पड़ोसी की कार से हल्के रूप में टकरा गई।
आरोप है कि इस बात से नाराज पड़ोसी फारुख, उसका पुत्र सोहिल और एक अन्य व्यक्ति मौके पर आ गए। उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकियां दीं। विवाद बढ़ने पर अन्य लोगों को भी वहां बुला लिया गया।
शिकायत के मुताबिक कुछ ही देर में कई लोग मौके पर पहुंचे और बेसबॉल बैट व अन्य हथियारों से राशिद मोहम्मद पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उन्हें बचाने पहुंची उनकी पत्नी पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए पहले सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















