सीवान, 18 जून।
सीवान जिले में महादेवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान महादेवा थाना क्षेत्र के रामदेव नगर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। वह एक आपराधिक मामले में वांछित चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि महादेवा थाना के एक प्रकरण में वांछित विशाल कुमार सलेमपुर स्थित मिशन छठ घाट के पास मौजूद है। सूचना में यह भी बताया गया कि उसके पास अवैध हथियार है और वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।
जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विनित विनायक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपित महादेवा थाना के एक मामले में पहले से वांछित था और उसके खिलाफ कार्रवाई लंबित थी।
पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
















