जबलपुर, 18 जून।
जबलपुर के घमापुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर के अनियंत्रित होने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। गैस एजेंसी के पास हुए इस हादसे में डंपर ने कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद डंपर सड़क पर आगे बढ़ते हुए एक के बाद एक कई वाहनों से टकराया और अंततः बीच सड़क पर पलट गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त डंपर को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
सड़क के बीचोंबीच डंपर पलटने से यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। यातायात बहाल करने के लिए क्रेन की मदद से डंपर को हटाने का काम किया गया, जिसके बाद मार्ग को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन कई वाहन नुकसानग्रस्त हुए हैं।
















