अपराध
18 Jun, 2026

बिजली तार चोर गिरोह से मुठभेड़, छह गिरफ्तार

बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र में पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित घायल हो गया और उसके कब्जे से चोरी का सामान व अवैध हथियार बरामद हुए।

बरेली, 18 जून।

बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 17 जून की रात क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि बिजली के खंभों से तार काटकर चोरी करने वाला गिरोह लाल रंग की कार से इलाके में घूम रहा है और एक स्थान पर वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर कार सवार लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन खेत में फंस गया। इसके बाद आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य को मौके से पकड़ लिया गया।

घायल आरोपित की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके अलावा मोहम्मद हसीन, इस्तिकार, मुजम्मिल और मोहम्मद रेहान को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य आसिफ पुत्र बसीर अहमद को भी दबोच लिया, जो दूसरी गाड़ी में इंतजार कर रहा था।

जांच में सामने आया है कि गिरोह बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों से तार तथा अन्य उपकरण चोरी कर उन्हें कबाड़ कारोबारियों को बेचता था। पूछताछ में आरोपितों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हाल में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो वाहन, तार काटने के उपकरण, ट्रांसफार्मर का तेल, तांबे और एल्युमिनियम के तार, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी नीलेश मिश्र ने बताया कि गिरोह जिले के विभिन्न इलाकों में बिजली तार चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़