प्रयागराज, 18 जून।
प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार छोटा बघाड़ा निवासी रोहित सोनकर (40) का शव उनके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहित सोनकर होटल में हलवाई का काम करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















