जमशेदपुर, 20 जून।
उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग सुदर्शन शर्मा की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार सुबह रोज की तरह सैर पर निकले बुजुर्ग को एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुदर्शन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग उन्हें फौरन इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए, लेकिन सिर में गहरी चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली दलबल के साथ वहां पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार बस की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










