नई दिल्ली, 25 जून।
इबोला के संभावित खतरे के मद्देनजर भारत सरकार ने विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अब अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एअर सुविधा पोर्टल को अनिवार्य रूप से सक्रिय कर दिया गया है।
पहले जो प्रक्रिया कागजी फॉर्म के माध्यम से पूरी की जाती थी, उसे अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह पोर्टल इबोला और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान करने में मदद करेगा।
यह नई प्रणाली स्वास्थ्य विभाग, इमिग्रेशन और निगरानी एजेंसियों के बीच वास्तविक समय में तालमेल बिठाएगी। इससे संदिग्ध लक्षणों वाले यात्रियों की पहचान करना और भी आसान हो जाएगा।
मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, भारत आने वाले हर अंतरराष्ट्रीय यात्री को यात्रा से पहले ऑनलाइन सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा। यह फॉर्म आगमन के 24 घंटे पहले तक भरा जा सकता है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान भरने से पहले ही इस फॉर्म को पूरा कर लें। इससे हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य जांच और इमिग्रेशन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होगी।
फॉर्म भरने के बाद यात्रियों को इसकी डिजिटल प्रति अपने पास रखनी होगी। जरूरत पड़ने पर इसे हवाई अड्डे पर मौजूद हेल्थ डेस्क या इमिग्रेशन काउंटर पर दिखाना अनिवार्य होगा।
सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी स्व-घोषणा में पूरी और सही जानकारी दर्ज करें ताकि उनकी यात्रा में कोई बाधा उत्पन्न न हो।















