टोक्यो, 25 जून।
जापान के उत्तरी हिस्से में आज सुबह भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.9 मापी गई है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, इसका केंद्र इवाते प्रान्त के तट से 50 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। आओमोरी प्रान्त के हशिकामी शहर में तीव्रता का स्तर 'अपर 6' दर्ज किया गया।
इस तीव्रता के दौरान लोगों के लिए खड़े होना मुश्किल हो जाता है और उन्हें रेंगकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना पड़ता है। राजधानी टोक्यो में भी हल्के झटके महसूस किए गए।
राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी सुनामी चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना भी नहीं मिली है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन कर दिया है। प्रधानमंत्री सनाए तकाची ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उन्होंने भविष्य में इसी तीव्रता के और झटके आने की संभावना को देखते हुए लोगों को सजग रहने के निर्देश दिए हैं।











