हमीरपुर, 25 जून।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार देर शाम हुई एक वीभत्स वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गोहाण्ड से बागीपुरा मार्ग पर एक बुजुर्ग की धारदार हथियार से निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय देशराज के रूप में हुई है, जो सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का कार्य करते थे। हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही गांव में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
एएसपी अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के बेटे कमलेश की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। हत्या के पीछे मुख्य कारण पुरानी जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।













