लंदन, 25 जून।
यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने के बाद भी सांसद बने रहेंगे। वह लंदन के होलबोर्न और सेंट पैनक्रास से संसद सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखेंगे।
डाउनिंग स्ट्रीट के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आने वाले कुछ हफ्तों में ब्रिटिश प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
पार्टी लीडर के पद से इस्तीफे की घोषणा के बाद स्टार्मर वर्तमान में कार्यवाहक प्रधानमंत्री की भूमिका निभा रहे हैं। उनके इस्तीफे से पार्टी के नए प्रमुख को चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यह नया नेता ही 10 डाउनिंग स्ट्रीट में उनकी जगह लेगा। सोमवार को अपने इस्तीफे के भाषण में उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता हस्तांतरण का वादा किया था।
इसी कड़ी में स्टार्मर ने मेकरफील्ड के नवनिर्वाचित सांसद एंडी बर्नहैम के साथ अपनी पहली बैठक की है। बर्नहैम को इस शीर्ष पद के लिए सबसे प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।












