रायपुर, 26 जून।
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जाकर बेचने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 102 पौवा शराब, परिवहन में इस्तेमाल किया गया दुपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.19 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटल पार्क, रावांभाठा इलाके में एक युवक दोपहिया वाहन पर बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान जितेंद्र निषाद (22) निवासी नया बेन्द्री, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके वाहन पर रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से गोल्डन गोवा व्हिस्की के 180-180 मिलीलीटर वाले कुल 102 सीलबंद पौवा बरामद हुए। इनमें एक बोरी में 50 और दूसरी में 52 पौवा शराब रखी गई थी।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 18.360 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब, लगभग एक लाख रुपये कीमत का दुपहिया वाहन और करीब सात हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 1 लाख 19 हजार 240 रुपये आंका गया है।
मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









