मीरजापुर, 26 जून।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को विंध्याचल धाम में स्थित मां विंध्यवासिनी के दरबार में शीश नवाया और पूरे विधि-विधान के साथ दर्शन-पूजन संपन्न किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए माता रानी से प्रार्थना की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपमुख्यमंत्री लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर सुबह 10:50 बजे मीरजापुर पहुंचे। विंध्याचल धाम आगमन पर मंदिर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूजन-अर्चन के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपने इस दौरे के क्रम में उपमुख्यमंत्री इसके बाद मुजेहरा स्थित डॉ. टमटम मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता और व्यापक बंदोबस्त किए थे।









